कोलकाता – स्टाफ संवाददाता
भारत की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन एयर इंडिया दुर्गा पूजा के उत्सव को खास अंदाज में मना रही है। इसके तहत कोलकाता से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए विशेष उत्सवी मेन्यू तैयार किया गया है, जिसमें बंगाल के पारंपरिक स्वाद, अपनापन और पुरानी यादों की झलक मिलेगी। पूजा के मौसम में शहर से रवाना होने वाली उड़ानों में उपलब्ध यह मेन्यू भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक दुर्गा पूजा को बंगाल के खास व्यंजनों के जरिए समर्पित है।
दुर्गा पूजा आस्था, परिवार और आपसी मेल-मिलाप के साथ-साथ खानपान का भी बड़ा उत्सव है। इस मौसम में बनने वाले खास पकवानों से प्रेरित होकर एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए आसमान में भी पूजा के स्वाद का अनुभव देने की तैयारी की है। इस मेन्यू में लुची और कोराईशुतिर कचौरी जैसे पारंपरिक व्यंजनों के साथ सादा आलू बाटी चोर्चोरी शामिल हैं। वहीं, कोलकाता के लोकप्रिय व्यंजन कोशा मंग्शो काठी रोल और वेज कबिराजी शहर के खास जायके को विमान में लेकर आएंगे। मुर्गीर कालिया और पोतोलर दोरमा जैसे स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजन बंगाली भोजन की समृद्ध परंपरा का अहसास कराएंगे। वहीं, पांतुआ और छानार पायेश जैसे मीठे पकवान इस उत्सवी भोजन को यादगार अंदाज में पूरा करेंगे। एयर इंडिया ने त्योहार के इस उल्लास को कोलकाता से आगे आसमान तक पहुंचाने की पहल की है। चाहे यात्री

दुर्गा पूजा मनाने के लिए अपने घर लौट रहे हों या यात्रा के दौरान इस उत्सव की यादें साथ लेकर आगे बढ़ रहे हों, यह विशेष मेन्यू उनके सफर को और खास तथा अपनेपन से भरा बनाने के लिए तैयार किया गया है।
दुर्गा पूजा का यह मेन्यू इस मौसम में एयर इंडिया की व्यापक उत्सवी खानपान पहल का हिस्सा है। इसके तहत दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद से चुनिंदा उड़ानों में नवरात्रि के विशेष भोजन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, दिल्ली और मुंबई स्थित एयर इंडिया के लाउंज में भी त्योहारों के खास व्यंजन परोसे जा रहे हैं।
यह पहल भारत की विविध खानपान परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देकर यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने की एयर इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। क्षेत्रीय त्योहारों और उनके खास स्वाद को विमान में शामिल करके एयर इंडिया विश्वस्तरीय आतिथ्य के साथ घर जैसा अपनापन देने का प्रयास कर रही है, ताकि हर सफर अपने आप में एक उत्सव बन सके।
