सागर में ममता का मेगा दौरा: हेलिपैड मैदान में युद्धस्तर पर तैयारी, रंग-रोगन से सज रहा गंगासागर

रमेश राय – दक्षिण 24 परगना

नए साल की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गंगासागर के मेगा दौरे पर आ रही हैं। आगामी 5 जनवरी को होने वाले इस दौरे को लेकर दक्षिण 24 परगना के सागरद्वीप में ज़ोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिस मैदान में मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरेंगी, उस हेलिपैड ग्राउंड का युद्धस्तर पर नवीनीकरण किया जा रहा है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, हेलिपैड ग्राउंड के रनवे की मरम्मत से लेकर चारों ओर सुरक्षा घेरा तैयार करने का काम तेज़ी से चल रहा है। मैदान में जहां-जहां दरारें पड़ी हैं, उन्हें सीमेंट से भरा जा रहा है और नई मिट्टी व घास डालकर

ज़मीन को समतल किया जा रहा है। इसके साथ ही हेलिपैड की मार्किंग और आसपास के इलाकों में नए सिरे से रंग-रोगन का काम भी शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री के दौरे में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट अरविंदु कुमार मीणा और सुंदरबन विकास मंत्री बंकिमचंद्र हाजरा खुद तैयारियों पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं। 5 जनवरी से पहले सागरद्वीप को लगभग किले में तब्दील कर दिया गया है।

एक ओर जहां प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के उतरने वाले स्थल पर अंतिम क्षणों की तैयारियां जोरों पर हैं। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दौरे को लेकर गंगासागर में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का पारा चढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *