कोलकाता – स्टाफ संवाददाता
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं, जिनमें ‘विजय’ नाम का किरदार दर्शकों के बीच सबसे लोकप्रिय रहा है। अब पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक वास्तविक ‘विजय’ अपनी अभिनय यात्रा की शुरुआत कर बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। पश्चिम मेदिनीपुर के रहने वाले विजय पाल पेशे से एक व्यवसायी हैं। बचपन से ही उन्हें अभिनय का शौक था, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों और जीवन की व्यस्तताओं के कारण वे अपने इस सपने को कभी साकार नहीं कर सके। समय के साथ उनका यह सपना कहीं दब सा गया, लेकिन दिल में अभिनय के प्रति प्रेम हमेशा जीवित रहा। विजय पाल बंगाली सुपरस्टार जीत की फिल्म ‘साथी’ के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने यह फिल्म कई बार देखी है। फिल्म के प्रति अपने लगाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम भी ‘साथी’ रखा। काम के सिलसिले में जब भी वे कोलकाता आते, सड़कों पर लगे फिल्मों के पोस्टर देखकर अपने पुराने सपने को याद करते, लेकिन उन्हें कभी नहीं लगा था कि एक दिन वे स्वयं फिल्मी दुनिया का हिस्सा बनेंगे।
कहते हैं कि समय से पहले और भाग्य से ज्यादा किसी को कुछ नहीं मिलता। शायद विजय पाल के जीवन में भी यही सच साबित हुआ। वर्षों बाद अब उन्हें बड़े पर्दे पर अभिनय करने का अवसर मिला है और वे इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।
फिलहाल विजय अपनी आगामी फिल्म की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अपने व्यवसाय के साथ-साथ वे इस नए अध्याय को लेकर काफी उत्सुक हैं। फिल्म की शूटिंग आगामी अगस्त महीने में कोलकाता और विभिन्न आउटडोर लोकेशनों पर होने वाली है।
विजय पाल का मानना है कि सपनों को कभी मरने नहीं देना चाहिए, क्योंकि सही समय आने पर वे जरूर पूरे होते हैं। अब सभी की निगाहें उनकी पहली फिल्म और उनके अभिनय पर टिकी हैं।
फिल्म से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां और विजय पाल के किरदार का खुलासा शूटिंग शुरू होने के बाद किया जाएगा
