कोलकाता – स्टाफ संवाददाता
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से फिक्की में उद्योग जगत को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा रखे गए विचारों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने भारत की आर्थिक विकास दर को गति देने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने प्राकृतिक संसाधन, ऊर्जा, विनिर्माण और भारी उद्योग जैसे क्षेत्रों में सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों के अधिकाधिक निजीकरण का प्रस्ताव रखा। उनका मानना है कि निजी क्षेत्र के प्रबंधन से उत्पादकता में सुधार, रोजगार के नए अवसरों का सृजन और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) के विकास को प्रोत्साहन मिल सकता है। उन्होंने निजीकरण के साथ दो शर्तें लागू करने का सुझाव दिया है—कर्मचारियों की छंटनी नहीं होगी और रोजगार के अवसरों में तीन गुना वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कॉरपोरेट अधिग्रहण के विकल्प के रूप में आम जनता को शेयर वितरित करने का भी सुझाव दिया। निजीकरण से प्राप्त राशि का उपयोग सरकारी कर्ज कम करने और बुनियादी ढांचे में निवेश के लिए किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री के विश्वास पर आधारित शासन के दृष्टिकोण पर जोर देते हुए अग्रवाल ने लंबी और जटिल मंजूरी प्रक्रियाओं के स्थान पर स्व-प्रमाणन (Self-Certification) और सरल नियामकीय व्यवस्था अपनाने की वकालत की। उनका मानना है कि सरकार को स्पष्ट नियम निर्धारित करने चाहिए और ऑडिट के माध्यम से अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। इससे कारोबार और नए उद्योगों को तेजी से शुरू करने तथा विस्तार करने में मदद मिलेगी।
अग्रवाल ने खनिज, धातु और हाइड्रोकार्बन क्षेत्रों में अन्वेषण (Exploration) को युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए एक बड़े अवसर के रूप में भी रेखांकित किया। उन्होंने सुझाव दिया कि अन्वेषण से जुड़ी स्टार्टअप कंपनियों को अपनी खोजों को ओएनजीसी और हिंदुस्तान जिंक जैसी स्थापित कंपनियों को बेचने की अनुमति दी जानी चाहिए। इन कंपनियों के पास बड़े पैमाने पर खनन और प्रसंस्करण परियोजनाओं में निवेश करने की क्षमता है। उनका मानना है कि इस व्यवस्था से सैकड़ों स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन मिलेगा, उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे और देश का घरेलू संसाधन तंत्र मजबूत होगा।
अपनी पोस्ट के समापन में अग्रवाल ने निजीकरण, स्व-प्रमाणन और अन्वेषण को लेकर एक राष्ट्रीय आंदोलन खड़ा करने के लिए उद्योग जगत, सरकार और नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने खाद्य आत्मनिर्भरता हासिल करने में ‘जय जवान, जय किसान’ आंदोलन की सफलता का उदाहरण देते हुए इसी तरह के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें, लोगों की आय में वृद्धि हो और भारतीय रुपये को मजबूती मिले।
