गंगासागर मेले के लिए दमकल व्यवस्था और मजबूत, चार नए अस्थायी फायर स्टेशन बनाए जाएंगे

रमेश राय – दक्षिण 24 परगना

आगामी गंगासागर मेले को देखते हुए दमकल और अग्निनिरोधक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। इस वर्ष मेले के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए चार नए अस्थायी दमकल केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मेले की तैयारियों की समीक्षा के बाद अपने कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों और जीबीडीए चेयरमैन श्रीमंत कुमार माली के साथ उच्चस्तरीय बैठक करने के पश्चात दमकल मंत्री सुजीत बोस ने यह जानकारी दी।

दमकल मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष गंगासागर मेले के दौरान 14 अस्थायी दमकल केंद्र कार्यरत थे, जिन्हें इस बार बढ़ाकर 18 किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कुल 18 अस्थायी दमकल केंद्रों में से 11 मेले के मैदान और उसके आसपास तैनात रहेंगे, जबकि शेष 7 अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे। मेले के दौरान अग्निनिरोधक व्यवस्था की जिम्मेदारी 358 कर्मियों के पास रहेगी, जिनमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारी से लेकर दमकलकर्मी तक शामिल होंगे।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़े दमकल वाहनों की आवाजाही में होने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए 75 विशेष फायर फाइटिंग बाइक तैनात की जा रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सेवा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा 11 बड़े अग्निनिरोधक टैंकर भी तैयार रखे जा रहे हैं, जिनमें से प्रत्येक के साथ तीन-तीन फायर पंप जुड़े होंगे।

प्रशासन का दावा है कि इस व्यापक व्यवस्था के चलते गंगासागर मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *