पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: 2026 के गंगासागर मेले को ‘ग्रीन मेला’ बनाने के लिए मंत्री और प्रशासन मैदान में उतरे

रमेश राय – दक्षिण 24 परगना

2026 के गंगासागर मेले को पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यावरण विभाग, दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन और गंगासागर-बकखाली विकास परिषद के संयुक्त प्रयास से सागरद्वीप में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस स्वच्छता अभियान में सुंदरबन विकास मंत्री बंकिमचंद्र हाजरा ने अग्रणी भूमिका निभाई। मंत्री को स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर मेला परिसर की सफाई करते देख श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। अभियान में बीडीओ कनैया कुमार राव, जीबीडीए के चेयरमैन सीमंत कुमार माली, वाइस चेयरमैन संदीप कुमार पात्र, पंचायत समिति के सह-सभापति स्वपन कुमार प्रधान, गंगासागर ग्राम पंचायत के प्रधान व उपप्रधान सहित भारत सेवाश्रम संघ के निमाई महाराज भी शामिल हुए। इस अवसर पर कपिल मुनि आश्रम के पुजारियों की उपस्थिति भी रही।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य मेला क्षेत्र को प्लास्टिक-मुक्त रखना और गंगासागर की पवित्रता को बनाए रखना है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए आम लोगों की जागरूकता और सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि 2026 का गंगासागर मेला देश के सामने एक ‘मॉडल ग्रीन मेला’ के रूप में प्रस्तुत हो। इसी उद्देश्य से पहले से ही तैयारी और जनसहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *