नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता को उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन हेतु सम्मानराजभाषा कार्यान्वयन एवं हिंदी के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान

कोलकाता – स्टाफ संवाददाता

पूर्व क्षेत्र के नराकास अध्यक्षों एवं सदस्य सचिवों हेतु दिनांक 20 नवंबर 2026 को एनएचपीसी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय, सिलीगुड़ी में भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, पूर्व क्षेत्र, कोलकाता द्वारा एक दिवसीय राजभाषा सम्मेलन-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता को वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित विभिन्न राजभाषा संबंधी कार्यक्रमों एवं हिंदी के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूर्व क्षेत्र में संचालित कुल 72 नराकासों में से सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में श्री भागमत मरांडी, महाप्रबंधक (सिविल), एनएचपीसी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय; श्री बिनु जे. पिल्लई, क्षेत्र महाप्रबंधक, इंडियन बैंक, क्षेत्र महाप्रबंधक का कार्यालय, गुवाहाटी तथा डॉ. मनीषा झा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय उपस्थित थे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, कोलकाता के उप निदेशक (कार्यान्वयन) डॉ. विचित्र सेनगुप्त ने की। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण करने हेतु महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं सदस्य सचिव श्री संजित कुमार दास, राजभाषा अधिकारी एवं समिति के सदस्य सह-सचिव श्री अजय शंकर मिश्र तथा राजभाषा विभाग से डॉ. अमित कुमार दीक्षित उपस्थित थे।
यह सम्मान नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता के अध्यक्ष एवं सेल, केंद्रीय विपणन संगठन, कोलकाता के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) आदरणीय श्री देबब्रत दत्ता के कुशल मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं दिशा-निर्देशों का प्रतिफल है। उनके नेतृत्व एवं सतत प्रोत्साहन से नराकास द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सदस्य कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता की इस उपलब्धि से समिति के सभी सदस्य कार्यालयों एवं राजभाषा से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। यह सम्मान न केवल समिति द्वारा किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की पहचान है, बल्कि भविष्य में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा भी प्रदान करेगा।
नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने अध्यक्ष, सदस्य सचिव, सभी सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देने वाले सभी कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *